जन सुराज कार्यकर्ता सम्मेलन का भव्य आयोजन, विकास सिंह ने भरा कार्यकर्ताओं में उत्साह!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा के बंधन वाटिका विवाह भवन के पार्टी परिसर में रविवार को जन सुराज कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन पार्टी के युवा नेता एवं एकमा विधानसभा से भावी उम्मीदवार विकास सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में जन सुराज कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना और प्रशांत किशोर के जन सुराज अभियान के विजन को कार्यकर्ताओं के बीच साझा कर उसे जन-जन तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जन सुराज प्रखंड अध्यक्ष राजेश गिरी ने की, जबकि शुभारंभ जिला अध्यक्ष बच्चा प्रसाद राय ने किया। संचालन की जिम्मेदारी अनुमंडल संयोजक रमेश गिरी ने निभाई। कार्यक्रम की शुरुआत जन सुराज के वरिष्ठ नेताओं द्वारा दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुई।
युवा नेता विकास सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जन सुराज का उद्देश्य सिर्फ सत्ता पाना नहीं, बल्कि समाज में बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि आज बिहार को एक नई दिशा देने की जरूरत है, और यह तभी संभव है जब कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जन सुराज के विचारों को पहुंचाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी द्वारा चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें।
सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और उन्हें जन सुराज आंदोलन को गति देने हेतु प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन न तो जाति के नाम पर है, न धर्म के नाम पर — यह सिर्फ और सिर्फ विकास और अच्छे शासन के नाम पर है।
इस मौके पर मंच पर मौजूद प्रमुख नेताओं में जन सुराज के जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, रामनाथ मांझी, ललित तिवारी, जिला महासचिव श्रवण महतो, ब्रजेंद्र कुमार सिंह 'मुन्ना भवानी, रजा अहमद खान, प्रखंड महिला अध्यक्षा बेबी देवी, सत्येंद्र सिंह, प्रभात सिंह, संदीप सिंह और उमेश सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल थे।
कार्यकर्ताओं में सम्मेलन को लेकर खासा उत्साह देखा गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और उत्साह का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। जन सुराज नेताओं ने इस अवसर पर यह भी दोहराया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी पूरी ताकत से भाग लेगी और एकमा सहित पूरे सारण में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी।