सारण: वाहन जांच में 40 लीटर देसी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, स्कूटी जब्त
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: माँझी थाना क्षेत्र के महम्मदपुर गांव के समीप शुक्रवार की शाम पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 लीटर देसी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी भी जब्त कर ली गई। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसआई अनिल कुमार पुलिस बल के साथ संध्या गश्ती पर थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति स्कूटी में शराब छिपाकर महम्मदपुर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मेरौड़ी देवी मंदिर के पास पहुंची और सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान एक संदिग्ध स्कूटी को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर स्कूटी से 40 लीटर चुलाई शराब बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रसूलपुर थाना क्षेत्र के बेनौत गांव निवासी जदु राम के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।
Manjhi news, Saran police action, Liquor seizure Bihar, Scooty smuggling case, Mahammadpur incident

