प्रभुनाथ नगर और चांदमारी की बदहाल सड़क से लोग परेशान, जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा शहर के प्रभुनाथ नगर और चांदमारी क्षेत्र की जर्जर सड़कें स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई हैं। मोहल्लावासियों का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण उन्हें नारकीय जीवन जीने को मजबूर होना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दिनों में सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण आवागमन लगभग ठप हो जाता है। टेम्पू चालकों, व्यापारियों और आम नागरिकों का कहना है कि सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि घर से निकलने से पहले लोग सुरक्षित यात्रा की कामना करते हुए हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं।
मोहल्लावासियों का आरोप है कि इस समस्या से छपरा के सांसद राजीव प्रताप रूडी और विधायक छोटी कुमारी को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि चुनाव के समय तो मोहल्लों में आते हैं, लेकिन जीतने के बाद जनता की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं देते।
वहीं चांदमारी निवासी शशि शेखर ने बताया कि उनके इलाके की सड़क की स्थिति भी बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि कई बार गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में भारी कठिनाई होती है, क्योंकि खराब सड़क के कारण वाहन अंदर तक नहीं पहुंच पाते। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द प्रभुनाथ नगर और चांदमारी की सड़कों का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन की मूलभूत सुविधा मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
छपरा सड़क समस्या, प्रभुनाथ नगर सड़क, चांदमारी सड़क, छपरा समाचार, राजीव प्रताप रूडी, छोटी कुमारी, सड़क निर्माण, सारण न्यूज
प्रभुनाथ नगर और चांदमारी की बदहाल सड़क से लोग परेशान, जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप

