नौ दिवसीय श्री शतचंडी महायज्ञ के लिए निकली कलश यात्रा सह शोभा यात्रा!
सारण (बिहार) संवाददाता संजय पांडेय: माँझी प्रखंड के भलुआ बुजुर्ग पंचायत के खानपुर गांव स्थित मां जगदंबा मंदिर परिसर में मंगलवार से शुरू हो रहे नौ दिवसीय श्री शतचंडी महायज्ञ के लिए कलश यात्रा सह शोभा यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा की शुरुआत मां जगदंबा मंदिर परिसर में निर्मित यज्ञ मंडप से की गई, जिसमें बड़ी संख्या में रंग-बिरंगे परिधान में महिला-पुरुष व युवक -युवती श्रद्धालु यज्ञ स्थल से जलभरी के लिए जुलूस की शक्ल में निकले। श्रद्धालुओं के यज्ञ स्थल से निकलते ही पूरा वातावरण जय मां काली, जय शिव, जय, जय श्री राम के जयघोष से गूंज उठा।
आकर्षक झांकी एवं हाथी-घोड़ा, बैंडबाजा व वाहनों के काफिला के साथ श्रद्धालुओं का जुलूस विभिन्न क्षेत्रों से नगर भ्रमण करते हुए ताजपुर के ड्यूमाइगढ़ के सरयू नदी के पावन तट पर पहुंचा। तत्पश्चात प्रधानयज्ञाचर्य पंडित लक्ष्मी कान्त पाण्डेय के सानिध्य में पूर्ण विधि-विधान व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगे की पूजा-अर्चना की गई। तत्पश्चात वहां से सरयू नदी का पवित्र जल कलश में भर श्रद्धालुओं का काफिला वापस यज्ञ स्थल तक पहुंचे। कलश को यज्ञ स्थल पर स्थापित कर यज्ञाचार्य सहित वेदाचार्य व विप्रजनों के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नौ दिवसीय श्री शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। पंचायत के मुखिया दीपक कुमार मिश्रा, पूजा समिति के अध्यक्ष शिवेंद्र तिवारी, सचिव संजय मिश्रा एवं कोषाध्यक्ष गुड्डू ओझा ने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाले इस मह्ययज्ञ का समापन 26 मार्च को हवन-पूजन व विशाल भंडारे के साथ होगा।
इस दौरान यज्ञ के पूरे नौ दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान के साथ संध्या में ओजस्वी प्रवाचीका सोनम मिश्रा तथा वृन्दावन धाम से पधारे अमित कृष्ण शास्त्री जी का रामकथा का वाचन होगा। कलश यात्रा में मनोज मिश्रा, राजू मिश्रा, दुर्गेश मिश्रा, बसंत सिंह, सोनू पाण्डेय, सुशील साह, मोहित दुबे, सुखदेव यादव, महेश्वर मिश्रा, अनिल मिश्रा, नागेंद्र मिश्रा, राजकुमार मिश्रा, जितेंद्र सिंह, मंटू मिश्रा, नागेंद्र तिवारी, प्रदीप तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। महायज्ञ का आयोजन समस्त ग्रामीणों के सहयोग से किया जा रहा है।