महाराष्ट्र के पालगढ़ में मजदूरी करने गए माँझी के लापता युवक की हत्या की आशंका से सहमे परिजन।
रिपोर्ट मनोज कुमार सिंह
सारण (बिहार): महाराष्ट्र के पालगढ़ जिले के मनोर थाना अंतर्गत किराड़ गांव में मजदूरी करने गए माँझी के एक युवक के लापता होने के बाद हत्या की आशंका से परिजन सहमें हुए हैं। बताते चलें कि पहली जनवरी की रात से ही किराड़ (महाराष्ट्र) से लापता माँझी के पकड़ी बाजार निवासी स्व. राजेश्वर साह का 25 वर्षीय पुत्र सत्येन्द्र साह का अबतक कुछ पता नही चल सका है।
लापता युवक के साथ काम करने गए माँझी के मजदूरों ने बताया कि वे लोग एक स्थानीय ठेकेदार हबीब खान की कंस्ट्रक्शन कंपनी में मजदूरी करते हैं। एक जनवरी रविवार को लापता सत्येन्द्र के साथ एक अन्य मजदूर का विवाद हुआ था तथा सोमवार की सुबह लापता सत्येन्द्र के कमरे के बाहर खून के धब्बे तथा किसी ब्यक्ति के घसीटने के निशान पाए गए थे। रविवार की रात से ही लापता सत्येन्द्र का मोबाइल भी स्वीच ऑफ बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार मजदूरों द्वारा मनोर थाना पुलिस से घटना की लिखित शिकायत करने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध स्थानीय युवकों को गिरफ्तार भी किया था हालाँकि पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। मंगलवार को पुलिस ने खोजी कुत्ते की सहायता से लापता मजदूर की खोजबीन भी की पर खबर भेजे जाने तक कोई सुराग नही मिल सका था। लापता युवक का सुराग मिलने में विलम्ब होते जाने से उसकी पत्नी सहित परिजनों की चिन्ता बढ़ती जा रही हैं। आसपास के ग्रामीण भी आशंकित हैं तथा मोबाइल के जरिये पालगढ़ में पुलिस द्वारा की जा रही खोजबीन की पल पल की जानकारी ले रहे हैं।